एलन मस्क ने ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल को हटाया:दो और ऑफिसर्स भी बर्खास्त, इन सभी पर इन्वेस्टर्स को गुमराह करने का आरोप
(3 years ago | 5 views)
दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क ने ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल को हटा दिया है। उनके साथ दो और ऑफिसर्स चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नेड सहगल और लीगल अफेयर्स एंड पॉलिसी चीफ विजया गड्डे को भी बर्खास्त कर दिया है।
उन्होंने उन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी अकाउंट्स की संख्या को लेकर उन्हें और ट्विटर इन्वेस्टर्स को गुमराह करने का आरोप लगाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पराग अग्रवाल और नेड सहगल ने कंपनी के सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय को छोड़ दिया है।
मस्क ने ट्विटर से डील की वजह बताई
वहीं, मस्क ने ट्विटर से डील की कई वजह बताई हैं। उन्होंने इसको लेकर ट्वीट किया है। मस्क ने संकेत दिया कि आगे चलकर इसकी एड पॉलिसी में भी बदलाव होगा। मस्क ने कहा कि मैं चाहता हूं कि ट्विटर सबसे बेहतरीन एडवरटाइजिंग प्लेटफॉर्म हो, जहां सभी उम्र के यूजर्स फिल्में देख सकें या वीडियो गेम खेल सकें।
मस्क का कहना है कि ज्यादा पैसा कमाने के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत की मदद करने लिए ट्विटर से डील की है। गौरतलब है कि कोर्ट ने मस्क को मौजूदा शर्तों पर ट्विटर डील को 28 अक्टूबर तक फाइनल करने के लिए कहा है।
मस्क बोले, ट्विटर में स्वस्थ चर्चा हो
मस्क ने ट्वीट में कहा कि हमने इस प्लेटफॉर्म से डील इसीलिए भी की है ताकी आने वाली पीढ़ी को कॉमन डिजिटल स्पेस मिल सके। यहां कई विचारधारा के लोग किसी भी तरह की हिंसा के बिना स्वस्थ चर्चा कर सकें। मस्क की आशंका है कि आगे चलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स लेफ्ट और राइट विंग के सपोर्टर्स बीच बंट जाएगा। इससे नफरत फैलेगी।