भारत-नीदरलैंड मैच में भावुक हुए कोहली-सूर्या:पारी की आखिरी गेंद पर पूरी हुई सूर्या की हाफ सेंचुरी; विराट ने गले से लगा लिया
(3 years ago | 31 views)
सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को नीदरलैंड के खिलाफ 25 गेंद में 51 रन बनाकर टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी अर्धशतक लगाए। सूर्या और विराट की पार्टनरशिप अहम साबित हुई।
बहरहाल, इस मैच में जीत-हार के अलावा कुछ ऐसे पल भी आए, जिनके जरिए आपको टीम इंडिया की पर्सनल और टीम बॉन्डिंग का अहसास होगा। ऐसा ही एक मौका था जब सूर्या ने सिक्स लगाया और हाफ सेंचुरी पूरी की। दूसरे छोर पर खड़े कोहली इमोशनल हो गए। दौड़कर सूर्या के करीब गए और उन्हें गले लगा लिया।
19वां ओवर खत्म होने तक सूर्या 45 रन बना चुके थे। दूसरे एंड पर कोहली थे। नीदरलैंड के लोगान वान बीक गेंदबाज थे। आखिरी ओवर की पहली बॉल पर कोहली ने 1 रन बनाया। अब स्ट्राइक सूर्या के पास थी और वो अर्धशतक से कुछ कदम ही दूर थे। ओवर की दूसरी बॉल पर सूर्या ने 2 रन लिए। तीसरी बॉल पर सूर्या 1 रन ही बटोर सके। जाहिर है स्ट्राइक कोहली के पास आ गई।
आखिरी ओवर की चौथी बॉल पर बीक ने आउटसाइड लेग पर फुलटॉस डाली। कोहली ने गेंद को स्क्वायर लेग की तरफ खेला और गेंद सीधे स्टैंड्स में पहुंची। कोहली के इस छक्के से भारतीय फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई। पांचवीं गेंद पर कोहली ने 1 रन लिया। ओवर की आखिर बॉल और स्ट्राइक सूर्या के पास। सूर्या का अर्धशतक पूरा होने में अब भी 5 रन बाकी थे। ये यॉर्कर लैंथ थी। सूर्या ने पिकअप शॉट खेला और गेंद स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर गिरी। इस छक्के से उनका अर्धशतक भी पूरा हुआ।